भाजपा नेता और सरधना विधानसभा के पूर्व विधायक ठाकुर संगीत सोम ने 19 मार्च 2025 को मेरठ के सकौती स्थित सुमंगलम फार्म में आयोजित होली मिलन समारोह में तीखे बयान दिए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एक समय था जब बाबर ने देश में कोहराम मचाया, तो दूसरे दौर में औरंगजेब ने हिंदुओं पर अत्याचार किए।
संगीत सोम ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि आखिर कांग्रेस की क्या मजबूरी थी जो औरंगजेब के नाम पर सड़कों का नामकरण किया गया। उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को देशद्रोही तक कह डाला। संगीत सोम ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि एक बार बाबर की निशानी को बाबरी मस्जिद विध्वंस करके मिटा दिया गया और वहां भगवान राम का मंदिर बना दिया। अब बारी औरंगजेब की है, क्योंकि औरंगजेब ने मथुरा में मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाई, काशी में मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाई। अब बिना न्यायालय के आदेश के, औरंगजेब की मस्जिद को विध्वंस कर मथुरा में भगवान कृष्ण और काशी में भगवान शिव का मंदिर बनाएंगे।

होली मिलन समारोह में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी, जिसमें भाजपा से जुड़े तमाम नेता भी मौजूद रहे। मथुरा के बरसाना से होली का कार्यक्रम करने वाली तीन टीमों ने मंच से होली के गीत सुनाए। भोजन की व्यवस्था को लेकर पिछले तीन दिनों से कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में पंडाल लगे हुए थे। भारी संख्या के बीच भोजन की व्यवस्था चार जगह कराई गई । लगभग 50 किलो गुलाल मंगाया गया, 50 कुंतल फूल मंगाए गए, जिससे होली खेली गई। कार्यक्रम में सरधना विधानसभा के अलावा जिले भर के लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस आयोजन को लेकर लोगों में चर्चा थी कि क्या यह 2027 के चुनाव को लेकर संगीत सोम का शक्ति प्रदर्शन था। जब इस संबंध में संगीत सोम से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यह शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि स्वच्छ रूप से होली मिलन समारोह ही था।
संगीत सोम के इन बयानों के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। उनके समर्थक इसे हिंदू समाज के सम्मान की लड़ाई बता रहे हैं, जबकि विपक्षी दल इसे समाज में विभाजन की राजनीति करार दे रहे हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक तापमान और बढ़ने की संभावना है।
