बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने सीएम योगी से की मुलाकात, गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा उठाया

वेस्ट यूपी Politics


गन्ना मूल्य भुगतान में लापरवाही बरतने वाले चीनी मिलों पर होगी सख़्त कार्रवाई; दोघट में डिग्री कॉलेज और राइट सलावा कांवड़ मार्ग का मामला भी उठाया


लखनऊ/बागपत, 2 जुलाई

बागपत के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर गन्ना किसानों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। डॉ. सांगवान ने मुख्यमंत्री के समक्ष गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा गंभीरता से रखते हुए बताया कि बागपत की मोदी शुगर मिल (मलकपुर), मेरठ की किनौनी शुगर मिल तथा मोदीनगर की मोदी शुगर मिल ने किसानों से गन्ना खरीद तो कर लिया, लेकिन निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं किया।
डॉ. सांगवान ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि गन्ना किसानों को लंबे समय से भुगतान नहीं मिला है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को बच्चों की फीस जमा करनी है, खरीफ फसलों के लिए बीज और खाद खरीदने हैं, लेकिन नकद धन की भारी किल्लत के चलते वे परेशान हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद की बात को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि जिन मिलों ने नियमों का उल्लंघन करते हुए किसानों को भुगतान नहीं किया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीएम ने कहा कि यदि तय समयसीमा के भीतर भुगतान नहीं किया गया तो संबंधित चीनी मिलों पर वसूली की कार्रवाई के साथ-साथ प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज की जाएगी।


किसानों को जल्द मिलेगा राहत
डॉ. सांगवान ने बैठक के बाद दावा किया कि मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और जल्द ही किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह बैठक किसानों के हित में सकारात्मक परिणाम लाएगी और सरकार गन्ना भुगतान के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई को बर्दाश्त नहीं करेगी।
दोघट में डिग्री कॉलेज और राइट सलावा कांवड़ मार्ग का मुद्दा भी उठाया
सांसद सांगवान ने मुख्यमंत्री से दोघट क्षेत्र में एक डिग्री कॉलेज की मांग करते हुए कहा कि दोगट क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए दूरदराज जाना पड़ता है। इसके अलावा उन्होंने राइट सलावा कांवड़ मार्ग को चौड़ा करने और सुचारू करने की भी मांग की, जिससे श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सीएम ने दिए सभी मांगों पर विचार के निर्देश
डॉ. सांगवान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने डिग्री कॉलेज, राइट सलावा कांवड़ मार्ग और किसानों से जुड़ी सभी मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

डॉ. सांगवान की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से यह महत्वपूर्ण मुलाकात गन्ना किसानों के लिए राहत की उम्मीद लेकर आई है। अगर सरकार द्वारा वादे के अनुसार सख्त कदम उठाए जाते हैं, तो इससे गन्ना किसानों को उनके अधिकार का पैसा समय पर मिल सकेगा और क्षेत्र में विकास की गति भी तेज होगी।

Please follow and like us:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *