मेरठ, 8 जुलाई 2025
मेरठ जनपद में आज उस समय राजनीतिक गर्मी तेज़ हो गई जब जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव भाटी को सुबह-सुबह पुलिस ने उनके अकबरपुर स्थित निवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई को “तानाशाही रवैया” बताते हुए ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन किया।
बताया गया कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव भाटी प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव से मुलाकात कर जनसमस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन सौंपने वाले थे, जो आज मेरठ के दौरे पर थे। लेकिन इससे पहले कि वे मुख्य सचिव से मिलने निकलते, पुलिस प्रशासन ने उन्हें घर पर ही नजरबंद कर लिया।

इसकी सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता गौरव भाटी के निवास पर पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। कुछ समय तक गहमा-गहमी का माहौल बना रहा। कार्यकर्ता प्रमुख सचिव से मुलाकात की अपनी माँग पर अड़े रहे।
मौके की स्थिति को संभालने के लिए बहसूमा थाना प्रभारी श्रीमती इंदु वर्मा खुद वहाँ पहुंचीं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित किया। काफी देर समझाने-बुझाने के बाद जिला अध्यक्ष गौरव भाटी और अन्य नेताओं ने अपना ज्ञापन थाना प्रभारी को सौंपा। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि यह ज्ञापन प्रदेश के प्रमुख सचिव तक पहुँचाया जाए।

इस दौरान ज़िला कांग्रेस प्रवक्ता सय्यद आमिर रज़ा ने कहा, “यह लोकतंत्र का दमन है। हम शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुँचाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने तानाशाही दिखाई। हमारा ज्ञापन हर हाल में प्रमुख सचिव तक पहुँचना चाहिए, यह प्रशासन की ज़िम्मेदारी है।”
घटना स्थल पर पूर्व चेयरमैन विनोद कामिल, राकेश कुशवाह, जुबैर कुरैशी, पंडित तरुण शर्मा, मतीन रज़ी, अवनीश पवार, इरशाद पहलवान, सुमनेश मावी, विजय त्यागी, उवैस अंसारी, अर्चित गुप्ता, अय्याज़ मुल्लाजी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिला कांग्रेस की ओर से यह साफ संकेत दिया गया है कि यदि प्रशासन इसी तरह विरोध के स्वर दबाने की कोशिश करता रहा, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।

