बागपत रोड और खेकड़ा रेलवे स्टेशन का सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने किया औचक निरीक्षण
यात्रियों की समस्याओं को प्राथमिकता देने का दिया आश्वासन
बागपत। आज क्षेत्रीय सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने बागपत रोड एवं खेकड़ा रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर वहां चल रहे सौंदर्यकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सांसद ने रेलवे अधिकारियों को यात्रियों की सुविधाओं में सुधार लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. सांगवान ने दैनिक यात्रियों से बातचीत कर यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं को समझा और उनकी प्राथमिकताओं को गंभीरता से संज्ञान में लिया। उन्होंने स्टेशन कंट्रोल रूम का भी दौरा किया, जहां उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्टेशन प्रबंधन और यात्रियों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की।

रेल पैसेंजर एसोसिएशन से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात कर सांसद ने उनकी मांगों और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त सांसद ने शौचालयों और वाटर कूलर की स्थिति का निरीक्षण किया तथा साफ-सफाई एवं नियमित देखभाल के निर्देश अधिकारियों को दिए। टिकट काउंटर और वेटिंग एरिया की व्यवस्थाओं का भी उन्होंने जायज़ा लिया और वहाँ मौजूद यात्रियों से बातचीत कर उनकी संतुष्टि का स्तर जाना।

निरीक्षण के दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने सांसद को सौंदर्यकरण कार्यों की वर्तमान स्थिति तथा आगामी योजनाओं की जानकारी दी। डॉ. सांगवान ने कहा कि केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है, और बागपत के स्टेशनों को आदर्श स्टेशन के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह निरीक्षण यात्रियों के हितों को प्राथमिकता देने और स्थानीय रेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
