बागपत
बागपत से सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की और दिल्ली–शामली–सहारनपुर रेल रूट की समस्याएं रखीं। उन्होंने इस रूट पर ट्रेनों की दयनीय स्थिति और यात्रियों की भारी भीड़ के चलते हो रही समस्याओं का हवाला देते हुए जल्द समाधान की मांग की।

सांसद ने रेल मंत्री को एक वायरल वीडियो भी दिखाया, जिसमें लोग खिड़की से लटककर यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में उनकी मांग पर एक ट्रेन में चार अतिरिक्त कोच लगाए गए थे, लेकिन अन्य ट्रेनों में भी चार-चार कोच बढ़ाए जाने की जरूरत है। इस पर रेल मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
नई ट्रेन का वादा, दोहरीकरण की दिशा में कदम
डॉ. सांगवान ने मांग की कि इस व्यस्त रूट पर सुबह-शाम एक नई ट्रेन चलाई जाए। रेल मंत्री ने आश्वासन दिया कि तीन महीने के भीतर दिल्ली से बड़ौत–शामली–सहारनपुर रूट पर एक नई ट्रेन शुरू की जाएगी। साथ ही रेलवे लाइन के दोहरीकरण के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बनाने और चरणबद्ध कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

स्टेशन स्टॉपेज और रूट विस्तार पर भी सहमति
सांसद ने मांग रखी कि अजमेर-हरिद्वार योगनगरी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 19609/19610) का ठहराव बागपत रोड स्टेशन (टटरी) और उद्योगनगर खेकड़ा पर किया जाए। इसके अलावा, सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली गाड़ी संख्या 64022 और 14546 में चार-चार अतिरिक्त कोच लगाने की मांग की गई। साथ ही, दिल्ली से कासमपुर खेड़ी जाने वाली ट्रेन संख्या 04023 को शामली तक विस्तार देने की मांग पर भी रेल मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाया।
बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान की सक्रियता से क्षेत्रीय यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली से सहारनपुर तक रेल यात्रा अब सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनने की दिशा में बढ़ रही है।
