मेरठ: कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को राहत देने के उद्देश्य से रोटरी गवर्नर 3100 नितिन अग्रवाल व CO दौराला श्री प्रकाश अग्रवाल द्वारा एक मानवीय पहल की गई। इस सेवा कार्यक्रम के तहत थाना दौराला व कांवड़ कंट्रोल रूम मोदीपुरम पर तैनात पुलिस व ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को छातों का वितरण किया गया, ताकि वे बारिश व तीखी धूप में भी निर्बाध रूप से अपनी ड्यूटी निभा सकें।

यह आयोजन रोटरी क्लब मेरठ कॉसमॉस के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। CO दौराला प्रकाश अग्रवाल ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से पुलिस कर्मियों को वास्तविक राहत मिलेगी और उनका मनोबल भी बढ़ेगा।

रोटरी गवर्नर नितिन अग्रवाल, जो कि डिस्ट्रिक्ट 3100 के प्रमुख हैं (जिसमें कोटद्वार, पौड़ी, गढ़वाल, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर आदि क्षेत्र शामिल हैं), ने अपने संबोधन में बताया कि रोटरी एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है, जो विश्व स्तर पर सामाजिक सेवा के लिए जानी जाती है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भारत को पोलियो मुक्त बनाने में रोटरी की भूमिका ऐतिहासिक रही है।

उन्होंने CO दौराला श्री प्रकाश अग्रवाल सहित रोटरी कॉसमॉस क्लब के सभी पदाधिकारियों को इस सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि समाज की बेहतरी के लिए ऐसे प्रयास प्रेरणास्पद हैं।
इस अवसर पर मोदीपुरम पुलिस चौकी प्रभारी शैलेन्द्र सिंह, रोटरी मेरठ कॉसमॉस क्लब के अध्यक्ष अजीत कुमार, रोटेरियन संजय अग्रवाल (डिस्ट्रिक्ट न्यू क्लब डेवलपमेंट चेयर), रोटेरियन गौरव बंसल (सहायक मंडलाध्यक्ष), रोटेरियन वर्तुल अग्रवाल (रीजनल कोऑर्डिनेटर – लिट्रेसी), डॉ विक्रांत राणा, लोकेंद्र चौधरी, अरुण गुप्ता, सचिन शर्मा, अंकित सिंह, अजय त्यागी, सुभाष त्यागी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं रोटरी सदस्यों की उपस्थिति रही।
यह सेवा कार्यक्रम कांवड़ सेवा में लगे जवानों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक था और रोटरी के सेवा दर्शन को साकार करता दिखा।

