बागपत के बूढ़पुर में 12 मौत के बाद लखनऊ की फटकार, गांव दौड़ा स्वास्थ्य विभाग

वेस्ट यूपी

बागपत, 17 जून 2025।
बूढ़पुर गांव में फैलते प्रदूषण और उससे उत्पन्न हो रही गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) बागपत कार्यालय से एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है, जिसमें गांव में स्वास्थ्य जांच के लिए डॉक्टरों की एक विशेष टीम गठित कर वहां भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी पत्र संख्या मु0चि0अ0/स्वा0/स्वास्थ्यम्/2025-26/391 के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्र बुढ़पुर में बीते कुछ समय से अचानक लोगों की मृत्यु और बीमारियों की संख्या में वृद्धि की खबरें सामने आ रही हैं। गांव में हो रही इन असामान्य मौतों के पीछे पर्यावरणीय कारणों की आशंका को देखते हुए यह जांच टीम गठित की गई है।

इस जांच टीम में जिला संयुक्त चिकित्सालय बागपत के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ चिकित्सकों को शामिल किया गया है:

डॉ. दीपक कुमार (जिम्मेदार चिकित्सक)
डॉ. प्रेमचंद यादव (चेस्ट रोग विशेषज्ञ)
डॉ. अजय कुमार (मेडिसिन विशेषज्ञ)
डॉ. रेखा (ENT विशेषज्ञ)
डॉ. गीता देवी (महिला चिकित्सक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौत)
यह टीम 19 जून 2025 को ग्राम बुढ़पुर पहुंचकर सभी प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करेगी और प्रभावित लोगों की जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी। इसके अतिरिक्त, सीएमओ कार्यालय की एम्बुलेंस को भी टीम के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि टीम को गांव के लोगों से संवाद कर बीमारियों के संभावित कारणों का पता लगाना है और यह सुनिश्चित करना है कि कहीं आस-पास का जल, वायु या अन्य प्रदूषण स्रोत इसके लिए जिम्मेदार तो नहीं है।

सीएमओ बागपत ने सभी संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस कार्य को अत्यधिक प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता के साथ संपन्न करें।

गौरतलब है कि बूढ़पुर गांव में बीते कुछ सप्ताहों से अचानक कई लोगों की मौत और बीमारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि आसपास की फैक्ट्रियों और मिलों से निकलने वाले अपशिष्ट प्रदूषण का मुख्य कारण हैं। विशेषकर रमाला चीनी मिल का नाम इसमें प्रमुखता से लिया जा रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि इस पर ठोस कार्रवाई की जाए।

सीएमओ द्वारा गठित यह जांच टीम बूढ़पुर गांव के लिए एक राहत की पहल मानी जा रही है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और प्रशासन इस दिशा में क्या कार्रवाई करता है।

Please follow and like us:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *