कांधला ड्रेन से गांव में घुल रहा ज़हर, जल शक्ति मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश
Politicaladda.com की रिर्पोटिंग पर मुहर, छपरौली विधायक डॉ अजय कुमार ने की दमदार पैरवी
Dr.Ravindra Rana / Rajesh Sharma
लखनऊ/बागपत, 25 जून
बागपत जनपद के छपरौली विधानसभा क्षेत्र के बूढ़पुर गांव में नाले में घुलते रमाला चीनी मिल के जहर और बीमारियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने संबंधित विभाग को नाला पक्का करने के लिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Politicaladda.com ने गांव में हो रहीं असमय मौतें और नाले में जहर का सवाल जोर शोर से उठाया था। हमने यहां लगातार ग्राउंड रिपोर्ट कीं। हमारे यू टयूब चैनल Dr.Ravindra Rana Save India News Ground Zero Politics
पर भी हमने इसकी लगातार वीडियो कवरेज की। इसके बाद यूपी के जलशक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने गांव का दौरा किया। गांव के लोगों ने भरोसे का सवाल उठाया तो मंत्री ने कार के बोनट पर हाथ मारकर कहा था मेरा नाम तो सुना होगा मैं जो कहता हूं वो करता हूं। मंत्री के दौरे के अगले दिन ही बूढपुर में नाले की सफाई के लिए जेसीबी उतार दी गईं। साथ ही यमुना का पानी छोड़कर नाले को साफ किया गया।
छपरौली विधायक डॉ. अजय कुमार ने भी प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को पत्र लिखा और साथ ही जलशक्ति राज्य मंत्री को भी पत्र भेजा। विधायक ने पत्र में लिखा कि बूढ़पुर गांव में रमाला चीनी मिल से निकलने वाला गंदा पानी, जो कांधला ड्रेन के रास्ते गांव तक पहुँचता है, उसके प्रभाव को रोकने हेतु ठोस कदम उठाए जाएं। विधायक ने इस नाले को पक्का करनेक भी मांग उठाई।

विधायक के पत्र का हवाला देते हुए जलशक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने प्रमुख सचिव सिंचाई और जल संसाधन विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री दिनेश खटीक ने पत्र में कहा है कि इस गंदे पानी के चलते बूढ़पुर में भूजल प्रदूषित हो रहा है और ग्रामीणों में गंभीर बीमारियाँ फैल रही हैं। इसके निराकरण के लिए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कांधला ड्रेन और उससे जुड़ी निकासी लाइन की सफाई कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि यह प्रदूषित जल किसी भी स्थिति में पीने या पकाने में प्रयोग न हो।

स्केप चैनल भी जांच के दायरे में
मंत्री ने यह भी उल्लेख किया है कि रमाला चीनी मिल के सामने पूर्वी यमुना नहर पर बने बूढ़पुर रेगुलेटर के अपस्ट्रीम में स्थित स्केप चैनल से भी पानी कांधला ड्रेन में प्रवाहित हो रहा है। इस चैनल की सफाई एवं तकनीकी सुधार के लिए भी आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया है।
प्राथमिकता पर हो कार्य
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि बूढ़पुर गांव में उपरोक्त सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं और संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे।
बूढ़पुर गांव की जल समस्या अब सरकार की मेज पर है। जल शक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि:
PoliticalAdda.com ने बूढ़पुर गांव के जल प्रदूषण और कांधला ड्रेन की सफाई को गंभीर मुद्दा बनाया, जिससे अब उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विधायक डॉ. अजय कुमार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव और PoliticalAdda.com की रिपोर्टिंग के बाद मंत्री ने सिंचाई विभाग को साफ निर्देश दिए:
कांधला ड्रेन की सफाई और पक्की निर्माण व्यवस्था की जाए
गंदे पानी के पीने-पकाने में उपयोग से रोकने की व्यवस्था की जाए
स्केप चैनल की सफाई और तकनीकी मरम्मत कराई जाए
इन कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा किया जाए
PoliticalAdda.com ने इस गंभीर मुद्दे को उठाकर उसे सरकार तक पहुंचाया, जिससे ग्रामीणों को जल प्रदूषण से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। अब कांधला ड्रेन का पक्का निर्माण होने से बूढ़पुर गांव की सेहत और पर्यावरण में बड़ा सुधार होगा।
यह दिखाता है कि मीडिया और जनप्रतिनिधियों का एकजुट प्रयास क्या कर सकता है। जब मुद्दे को सही तरीके से उठाया जाता है, तो सरकार को ध्यान देना ही पड़ता है।
यह सिर्फ एक गांव की नहीं, बल्कि पूरे वेस्ट यूपी की जल संकट की तस्वीर है। मंत्री के निर्देशों से ग्रामीणों को राहत की उम्मीद है—अब निगाहें ज़मीनी कार्रवाई पर टिकी हैं।
