वेद इंटरनेशनल स्कूल में साइबर सुरक्षा को लेकर चला जागरूकता अभियान, SHO दौराला सुमन कुमार ने दिए अहम सुझाव

Meerut Adda


सिवाया स्थित वेद इंटरनेशनल स्कूल में आज साइबर सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान की अगुवाई थाना दौराला के प्रभारी सुमन कुमार ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति छात्रों को जागरूक करना और उनके बचाव के उपाय साझा करना रहा।

विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय चेयरमैन अजीत कुमार और निदेशक राजेन्द्र गुप्ता ने S.H.O सुमन कुमार का पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में अजीत कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर क्राइम से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि –

“किसी भी तरह के लालच या आकर्षक ऑफर से सावधान रहें। जागरूक रहना ही सबसे बड़ा बचाव है।”

मुख्य अतिथि SHO सुमन कुमार जी ने अपने वक्तव्य में छात्रों को साइबर अपराध की आधुनिक तकनीकों और उससे बचने के उपायों से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि –”हम तकनीक से खुद को अलग नहीं कर सकते, लेकिन इसके खतरे से बचने के लिए सतर्क रहना जरूरी है।”
उन्होंने “डिजिटल अरेस्ट” जैसे भ्रम फैलाने वाले ट्रेंड्स की सच्चाई बताते हुए कहा कि —
“डिजिटल अरेस्ट कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। अगर कोई वर्दीधारी आपको अरेस्ट करता है, वही मान्य है।”

साइबर क्राइम से जुड़े मुख्य खतरों के बारे में उन्होंने बताया कि –

AI की मदद से अब आवाज और पहचान की नकल करना आसान हो गया है।
सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करें।
अज्ञात लिंक और ओटीपी पर कभी क्लिक न करें।
फॉलोअर्स बढ़ाने की चाह में निजी जानकारी उजागर न करें।
फिशिंग ईमेल, नकली वेबसाइटों और फ्रॉड कॉल्स से सतर्क रहें।
सुरक्षा के लिए सुझाए गए उपाय —

सोशल मीडिया की सेटिंग्स को निजी रखें
परिवारजनों से इंटरनेट की सुरक्षा पर चर्चा करें
पहचान चोरी से बचाव करें
मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें
घर के नेटवर्क को सुरक्षित बनाएं
सिर्फ विश्वसनीय इंटरनेट कनेक्शन का उपयोग करें
सिस्टम को नियमित अपडेट करते रहें
संदिग्ध लोगों व वेबसाइटों से बचें
उन्होंने कहा कि —

“साइबर सुरक्षा में सबसे पहला कदम है जागरूकता। ‘सुरक्षा-जागरूकता-प्रशिक्षण’ ही आपको डिजिटल दुनिया में सुरक्षित बनाएगा।”
कार्यक्रम के अंत में साइबर अपराध की स्थिति में सहायता पाने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर भी बताए गए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों — निधि मनचंदा, सचिन शर्मा, नीलू कपूर, रजनीश कुमार, अर्जुन सिंह, मनीष कुमार, अमित कुमार, शिखा बाली, पायल एबट, कपिल राणा आदि का विशेष योगदान रहा।

Please follow and like us:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *