पश्चिमी यूपी को बड़ी सौगात: 20 जुलाई से हिंडन एयरपोर्ट से इंडिगो की सीधी उड़ानें शुरू

वेस्ट यूपी

मेरठ | विशेष रिपोर्ट
मेरठ – गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो एयरलाइंस अब 20 जुलाई 2025 से गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरपोर्ट से अपनी डोमेस्टिक फ्लाइट्स की शुरुआत करने जा रही है। इस फैसले से दिल्ली की हवाई अड्डा भीड़ और लंबी दूरी की परेशानी से निजात मिलने जा रही है।

किन शहरों के लिए होगी सीधी उड़ान?

हिंडन एयरपोर्ट से इंडिगो की सीधी उड़ानें निम्नलिखित शहरों के लिए शुरू होंगी:

  • गोवा
  • अहमदाबाद
  • बेंगलुरु
  • चेन्नई
  • इंदौर
  • कोलकाता
  • मुंबई
  • पटना
  • वाराणसी

यह पहल खास तौर पर गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, मोदीनगर, हापुड़, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, खुर्जा, अलीगढ़ जैसे क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। अब उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट तक जाने की जरूरत नहीं होगी – हवाई यात्रा होगी सस्ती, सुविधाजनक और समय की बचत भी होगी।

इंडिगो के अधिकारियों ने दी विस्तृत जानकारी

शनिवार, 5 जुलाई 2025 को मोदिपुरम स्थित वेद इंटरनेशनल स्कूल में इंडिगो एयरलाइंस के सेल्स मैनेजर विवेक दलाल ने स्कूल के शिक्षकों को संबोधित करते हुए बताया कि इंडिगो यात्रियों को कम खर्च में बेहतर हवाई यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा:

“हिंडन एयरपोर्ट से उड़ानों की शुरुआत यात्रियों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। भीड़भाड़ और प्रदूषण से जूझते दिल्ली एयरपोर्ट की जगह अब स्थानीय लोग अपने नजदीकी हवाई अड्डे से आरामदायक उड़ान भर सकेंगे।”

लखनऊ के लिए उड़ान की भी मांग

इस कार्यक्रम के दौरान स्कूल के चेयरमैन अजीत कुमार ने विवेक दलाल से आग्रह किया कि लखनऊ के लिए भी हिंडन से सीधी उड़ान शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि:

“लखनऊ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए एक प्रमुख प्रशासनिक और शैक्षिक केंद्र है। गाजियाबाद, मेरठ और आस-पास के क्षेत्रों से हजारों लोग हर माह लखनऊ यात्रा करते हैं। ऐसे में सीधी उड़ान बहुत जरूरी है।”

इस प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए इंडिगो के अधिकारी ने कहा कि कंपनी जल्द ही लखनऊ के लिए भी उड़ान योजना पर विचार करेगी।

कार्यक्रम में प्रमुख लोग रहे उपस्थित

इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य समेत कई शिक्षकगण और क्षेत्रीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने इंडिगो एयरलाइंस के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास और कनेक्टिविटी में मील का पत्थर साबित होगी।

दिल्ली की भीड़ और लंबी यात्रा की मजबूरी से परेशान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नागरिकों को अब एक नजदीकी विकल्प मिल गया है। हिंडन एयरपोर्ट से उड़ानों की शुरुआत इस क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक विकास में एक नई उड़ान भरने जा रही है।

Please follow and like us:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *