Politicaladda.com Desk
लखनऊ प्रशासन द्वारा बाल भिक्षावृत्ति के उन्मूलन के लिए एक वृहद अभियान की शुरुआत की गई है, जिसके तहत एक नौ सदस्यीय निगरानी पैनल का गठन किया गया है। इस पैनल में समाजसेवा, शिक्षा और विशेषज्ञता के क्षेत्र से जुड़ी प्रतिष्ठित हस्तियों को शामिल किया गया है। विशेष रूप से स्क्वाड्रन लीडर (डॉ) तूलिका रानी को इस पैनल का सदस्य नियुक्त किया गया है।

यह अभियान 1 फरवरी 2लखनऊ प्रशासन द्वारा जनपद में बच्चों को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराते हुए उनके परिवारों के चिन्हांकन, पुनर्वासन तथा सामाजिक एकीकरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगरानी दल का गठन करके एक वृहद अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें लखनऊ शहर के चिन्हित चौराहों जैसे हजरतगंज, लाल बत्ती, अवध, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, चारबाग, इंजीनियरिंग कॉलेज/टेढ़ी पुलिया, अलीगंज/कपूरथला आदि चौराहों पर 01 फरवरी 2025 से निरंतर निगरानी का कार्य चल रहा है। बाल भिक्षावृत्ति को रोकने तथा इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आम जनमानस में इसके प्रति जागरूकता का व्यापक प्रचार प्रसार करने तथा सुझाव देने एवं अपील करने के लिए लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी द्वारा एक नौ सदस्यीय पैनल का गठन किया गया है। इसमें लखनऊ के शिक्षाविदों, समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों/ विशेषज्ञों/समाज सेवियों को शामिल किया गया है। इन प्रतिष्ठित सदस्यों में लखनऊ की स्क्वाड्रन लीडर (डॉ) तूलिका रानी भी शामिल हैं। अन्य सदस्य लखनऊ विश्वविद्यालय, डॉ भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, डॉ शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, डॉ ऐ पी जे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय तथा आई आई एम लखनऊ से हैं। इस संबंध में आधिकारिक पत्र जिलाधिकारी कार्यालय से दिनांक 24.05.2025 को निर्गत किया गया है।

इस विषय में स्क्वाड्रन लीडर (डॉ) तूलिका रानी ने लखनऊ प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह समाज के उपेक्षित वर्ग एवं बच्चों के भविष्य को सुधारने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण एवम् सराहनीय पहल है। उन्होंने बाल भिक्षावृत्ति उन्मूलन पैनल में स्वयं को सदस्य बनाने के लिए प्रशासन का हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा इसमें सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, “बचपन ईश्वर का रूप है, और हर भारतीय बच्चा देश का भविष्य है, अतः हमें उसे सुंदर और सुदृढ़ बनाने के लिए हर संभव प्रयत्न करना चाहिए।”

ज्ञात हो कि स्क्वाड्रन लीडर (डॉ) तूलिका रानी वर्ष 2023 में उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार की G-20 ब्रांड एंबेसडर रह चुकी हैं। उन्हें लखनऊ प्रशासन ने 2022 तथा 2024 में क्रमशः विधान सभा चुनावों एवं लोक सभा चुनाव में चुनाव आयोग के वोटर जागरूकता अभियान स्वीप की ब्रांड एंबेसडर तथा डिस्ट्रिक आइकन भी नियुक्त किया था।
स्क्वाड्रन लीडर तूलिका रानी पूर्व भारतीय वायु सेना अधिकारी होने के साथ साथ उत्तर प्रदेश से माउंट एवरेस्ट पर सफल आरोहण करने वाली प्रथम महिला हैं तथा ईरान में स्थित एशिया के सर्वोच्च ज्वालामुखी माउंट दामावंद पर तिरंगा फहराने वाली प्रथम भारतीय महिला हैं। वह भारत, नेपाल, भूटान, ईरान, अफ्रीका, रूस आदि देशों में 26 पर्वतारोहण एवं ट्रैकिंग अभियान कर देश का गौरव बढ़ा चुकी हैं। उन्हें 2025 की गणतंत्र दिवस परेड में भारत सरकार की सम्मानित अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था।

भारतीय वायु सेना में दस वर्ष प्रशासनिक अधिकारी एवं सैन्य प्रशिक्षण अधिकारी के रूप में सेवाएं देते हुए उन्होंने सैकड़ों भावी अधिकारियों को सैन्य प्रशिक्षण प्रदान किया जिनमें भारत की प्रथम तीन महिला फाइटर पायलट भी शामिल हैं। वह वर्तमान में इतिहास की असिस्टेंट प्रोफेसर हैं।

एक अंतरराष्ट्रीय प्रेरणादाई वक्ता के रूप में वह भारत, नेपाल, मॉरीशस, अमरीका, इंग्लैंड, आयरलैंड, इटली, रूस, कनाडा आदि देशों तथा दूरदर्शन, इग्नू के ज्ञानवाणी, नेहरू युवा केंद्र, आदि में 400 से अधिक व्याख्यान एवं साक्षात्कार दे चुकी हैं। उनकी आठ पुस्तकें दिल्ली से प्रकाशित हुई हैं जिनके लिए उन्हें साहित्य श्री तथा यंग राइटर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा रानी लक्ष्मी बाई वीरता पुरस्कार सहित 20 पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। हाल ही में डॉ रश्मि रस्तोगी की पुस्तक ‘भारत की प्रथम महिला विभूतियां’ में एक अध्याय उनके कार्यों पर भी लिखा गया है। वह महिलाओं के समान अधिकार, पर्यावरण, हिमालय संरक्षण, युवा शक्ति, सेना, एडवेंचर खेल आदि के क्षेत्र में प्रशासन एवं गैर प्रशासनिक संगठनों के माध्यम से सक्रिय रहती हैं।

