ग्राम पंचायत रावा में विकास ठप : प्रधान ने दी इस्तीफे की चेतावनी!

विकास

मेरठ, 5 मार्च 2025: ग्राम पंचायत रावा, विकासखंड जानी खुर्द, मेरठ की प्रधान रश्मि ने पंचायत के विकास कार्यों में आ रही रुकावटों को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि पंचायत के रास्तों को चौड़ा करने और अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसमें कई लोगों ने स्वेच्छा से अपने मकानों के आगे बने अवैध चबूतरे हटा लिए। लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने इस कार्य को जबरन रुकवा दिया, जिससे पंचायत के विकास कार्य बाधित हो गए।

प्रधान रश्मि के अनुसार, इस समस्या को लेकर दो बार जिलाधिकारी (DM) को प्रार्थना पत्र भेजा गया, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही समाधान नहीं निकला तो 7 मार्च 2025 को वह ग्रामवासियों के साथ माननीय कमिश्नर और जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगी और अवैध निर्माण हटाने के लिए आवश्यक आदेश की मांग करेंगी।

प्रधान रश्मि ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वह अपना इस्तीफा डीएम कार्यालय में ही सौंप देंगी और अपने पद से मुक्त होने का आग्रह करेंगी।

ग्राम पंचायत रावा में विकास कार्यों में आ रही इस रुकावट से ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी जा रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Please follow and like us: