मेरठ, 18 मई: आज मेरठ के वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों की एक महत्वपूर्ण बैठक पॉलिटिकलअड्डा.कॉम कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में शहर की विभिन्न समस्याओं पर गंभीर चर्चा की गई और यह सर्वसम्मति से कहा गया कि नागरिकों की समस्याओं की आवाज़ को मजबूती के साथ उठाया जाना चाहिए।

बैठक में बताया गया कि पिछली बार पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेई से मुलाकात की थी, जिसमें शहर के विकास से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखी गई थीं। डॉ. बाजपेई ने पत्रकारों की बात को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था। पत्रकारों ने उनके इस सहयोगात्मक रुख की सराहना की।

बैठक के दौरान सभी पत्रकारों ने मेरठ के कमिश्नर द्वारा उठाए गए एक सराहनीय कदम की प्रशंसा की। कमिश्नर ने आम जनता के लिए अपना व्हाट्सऐप नंबर सार्वजनिक कर दिया है, जिस पर कोई भी नागरिक उन्हें संदेश भेजकर आसानी से समय ले सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि वे सभी नागरिकों के लिए उपलब्ध हैं और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना जाएगा।

अगली बैठक में प्रतिनिधिमंडल मेरठ कमिश्नर से मुलाकात करेगा और शहर की समस्याओं पर चर्चा करेगा। सभी उपस्थित पत्रकारों ने इस प्रकार की बैठकों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने पर बल दिया।
बैठक में केसर खुशबू के संपादक श्री रवि विश्नोई, ग्रीन इंडिया के संपादक श्री नरेश उपाध्याय, वरिष्ठ सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री अवधेश कुमार, पूर्व सूचना अधिकारी श्री सुरेन्द्र शर्मा,ताज़ा खबर से श्री अंकित विश्नोई, जॉली टाइम्स के वरिष्ठ पत्रकार श्री महेन्द्र उपाध्याय,पॉलिटिकलअड्डा.कॉम से श्री राजेश शर्मा एवं डॉ. रविंद्र राणा

इसके अलावा हिंदुस्तान और अमर उजाला के पूर्व संपादक श्री पुष्पेंद्र शर्मा और श्री नीरजकांत राही तथा जनवाणी से श्री दिनेश दिनकर ने टेलीफोन पर अपनी सहमति जताई और बैठक के एजेंडे का समर्थन किया।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ किया गया कि मीडिया की भूमिका केवल सूचना देने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज और शासन के बीच एक मजबूत पुल का काम भी करना चाहिए।
