मेरठ। 14 जून 2025
भारतीय किसान यूनियन का तीन दिवसीय चिंतन शिविर 16-18 जून को हरिद्वार में, मेरठ से हजारों किसान होंगे शामिल
जिला मेरठ से भाकियू के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे, जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कार्यकर्ताओं के साथ की समीक्षा बैठकें
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का राष्ट्रीय स्तर का तीन दिवसीय चिंतन शिविर 16 से 18 जून तक हरिद्वार में आयोजित किया जाएगा। इस शिविर को लेकर मेरठ जिले में तैयारियां तेज़ हो गई हैं। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों संग कंकरखेड़ा के नंगलाताशी स्थित अपने आवास पर बैठक कर सभी ग्राम इकाइयों से अधिक से अधिक किसानों को शामिल होने का आह्वान किया।

अनुराग चौधरी ने बताया कि शिविर के दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत जनपद मेरठ की समीक्षा करेंगे। साथ ही मेरठ जिले में किसानों पर हो रहे अत्याचार, शोषण और उनकी उपेक्षा को लेकर गहन चर्चा होगी। शिविर में इन मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति भी तैयार की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले के अधिकारियों के कार्यालयों में किसानों की कोई सुनवाई नहीं हो रही, जिससे किसान आक्रोशित हैं।

चिंतन शिविर को लेकर जिलेभर में लगातार बैठकों का दौर जारी है। मवाना तहसील के पिलाना स्थित शिव मंदिर पर आयोजित बैठक में अनुराग चौधरी ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों से तैयारियों की समीक्षा की और दिशा-निर्देश दिए। इसी कड़ी में सरधना के सरूरपुर गांव में भी बैठक आयोजित की गई, जहां किसान प्रतिनिधियों ने संगठन को मजबूत करने और किसानों की समस्याओं पर चर्चा की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाकियू का चिंतन शिविर सिर्फ एक बैठक नहीं, बल्कि देश के किसान आंदोलन की आगामी दिशा तय करेगा। इसमें जनपद मेरठ के हजारों किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इन बैठकों में प्रमुख रूप से हर्ष, बबलू, सनी प्रधान, सुनील, हरेंद्र गुर्जर, सत्येंद्र डूंगर, विनोद पुनिया, कृष्णपाल पुनिया, मोनू टिकरी, देशपाल, सतबीर सिंह, रामबोस दबथवा और जवाहर जिटौली आदि मौजूद रहे।

